शराब के नशे में धुत पूरबशरीरा गांव का एक युवक सोमवार की रात फंदे से लटक गया। सुबह युवक की लाश घर के भीतर कमरे में फंदे से लटकती मिली। चर्चा है कि रात परिजनों की डांट-फटकार के बाद युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। मौत की खबर पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के पूरबशरीरा गांव का रहने वाला संजय कुमार (26) पुत्र रतई लाल किसान है। बताया जा रहा है कि वह शराब पीने का आदी हो चुका था। शराब पीने के बाद वह आए दिन झगड़ा करता रहता था। परिजन हमेशा युवक को शराब पीने से रोकते थे।
सोमवार की शाम भी शराब की बात पर परिजनों से उसकी तीखी झड़प हुई थी। परिजनों के साथ गांववालों की मानें तो रात वह नशे में धुत होकर घर आया था। इसके कारण देर रात तक परिजनों से भिड़ा रहा। मंगलवार की सुबह संजय की लाश कमरे में फंदे से लटकती मिली। सुबह सोकर उठे परिजन शव फंदे से लटकता देखा तो चीखने-चिल्लाने लगे। चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गांव वालों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारा। छानबीन करने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। माना जा रहा है कि रात हुए झगड़े से क्षुब्ध होकर ही युवक ने खुदकुशी की है। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मच गया। एसओ ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तफ्तीश के बाद ही घटना की सच्चाई का पता चलेगा।