बेखौफ चोरों ने रविवार की रात क्षेत्र के कुतुब आलमपुर गांव के एक घर में सेंध काटकर नगदी, गहने समेत लाखों का माल पार कर दिया। घटना करारी थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। पर, घटना की जानकारी सभी को सुबह हो पाई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया। भुक्तभोगी की तहरीर लेकर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। वहीं चोरी की घटना से पूरे गांव में दहशत है।
करारी थाना क्षेत्र के कुतुब आलमपुर गांव के श्यामलाल का घर करारी-भरवारी मार्ग पर थाने से महज 50 मीटर से भी कम दूूरी पर है। रविवार की रात खाने के बाद घर के सभी सदस्य छत पर सोने चले गए। इस बीच रात में मकान की दीवार से सेंध काटकर भीतर घुसे चोर सोने की लॉकेट, दो जोड़ी पायल, झुमका, टॉप्स आदि गहनों के अलावा अनाज, कपड़े, बर्तन और पांच हजार रुपये सहित लगभग डेढ़ लाख रुपये का सामान समेट ले गए। सुबह सोकर उठने पर घर के लोगों ने दीवार में सेंध कटी और कमरों में बिखरा पड़ा सामान देखा तो उनके होश उड़ गए। चोरी की जानकारी होते ही गांव में भी हड़कंप मच गया।
मौके पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भुक्तभोगी के साथ ही गांव के लोगों से भी पूछताछ की। घटनास्थल की जांच-पड़ताल करने के साथ ही पुलिस ने भुक्तभोगी से तहरीर लेकर मामला दर्ज कर लिया है। उधर, थाने के समीप स्थित घर में चोरी होने से क्षेत्र के लोग सहमे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त में ढ़िलाई करती है। इसी का नतीजा है कि चोर पूरी तरह से बेखौफ हो गए हैं। मामले में थानाध्यक्ष धनंजय वर्मा का कहना है कि घटना की तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने वारदात में आसपास के गांव में ही रहने वाले बदमाश किस्म के लोगों के शामिल होने का अंदेशा जाहिर किया है।