नगर कोतवाली के खोरा गांव का आठवीं क्लास में पढ़ने वाला एक छात्र शुक्रवार से लापता है। वह घर से सुबह 10 बजे स्कूल जाने के लिए निकला था। तभी से गायब है। सोमवार को पीड़ित परिवार ने किशोर के गायब होने की तहरीर मंझनपुर कोतवाली को दी। घटना से घर में कोहराम मचा है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के खोरा मडूकी गांव निवासी भैयालाल का 13 वर्षीय बेटा एक स्कूल में 8 वीं क्लास में पढ़ता है। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार की सुबह 10 बजे वह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, तभी से गायब है। स्कूल में छुट्टी होने के बाद जब वह काफी देर तक घर नहीं आया, तो परिजन उसकी खोजबीन में जुटे। स्कूल से लेकर उसके सभी साथियों से पूछताछ की गई, लेकिन छात्र की बावत कोई जानकारी नहीं मिली।
परिजनों ने सोमवार को घटना की जानकारी मंझनपुर कोतवाली पुलिस को दी। पिता भैयालाल की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। परिजन परेशान हैं कि आखिर स्कूल जाने को घर से निकला छात्र अचानक कहां और कैसे लापता हो गया। घटना से पूरा परिवार परेशान है। एसओ रज्जनलाल ने बताया कि फौरी तौर पर लगता है कि वह कहीं चला गया है। फिलहाल पुलिस बच्चे की खोजबीन में जुटी है।