कस्बे में शनिवार की रात बेखौफ चोर बंद मकान खंगाल ले गए। दीवार फांद कर घर के भीतर घुसे चोरों ने नगदी समेत हजारों का सामान पार कर दिया। गृहस्वामी परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए रिश्तेदार के घर गया था। सुबह घर पहुंचने पर चोरी की जानकारी होते ही भुक्तभोगी के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पिपरी थाना क्षेत्र के चायल कस्बे का रहने वाला महंगू लाल पुत्र दशरथ शनिवार को परिवार के साथ रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात में मकान खाली देख दीवार फांदकर घुसे चोरों ने बक्सा और आलमारी का ताला तोड़कर पांच हजार रुपये, बर्तन, कपड़े, गहने समेत करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति पार कर दिया। घटना की जानकारी भुक्तभोगी को सुबह घर लौटने पर हुई। घर का बिखरा सामान गायब देख परिजनों के होश उड़ गए। पड़ोसी के घर हुई चोरी की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों का मजमा जमा हो गया।
सूचना पर पहुंची पिपरी पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद भुक्तभोगी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद है। इसके चलते रोजाना चोरों का गिरोह मकान और दुकान खंगाल रहा है।