शातिर बदमाशों ने अर्जलीपुर टेनशाह आलमाबाद गांव के प्राथमिक स्कूल में तैनात शिक्षक के खाते से 25 हजार रुपये पार कर दिया। बदमाशों ने बहाने से उनका एटीएम कार्ड बदलकर इस घटना को अंजाम दिया है। मोबाइल पर पैसे निकाले जाने का मैसेज पढ़कर शिक्षक के होश उड़ गए। शुक्रवार को उन्होंने घटना की जानकारी शाखा प्रबंधक के साथ पुलिस को दी। मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात शातिर बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
कोखराज थाना क्षेत्र के बसेढ़ी गांव निवासी आद्या प्रसाद साहू मंझनपुर ब्लाक के प्राथमिक स्कूल अर्जलीपुर टेनशाह आलमाबाद में शिक्षक हैं। 27 जनवरी को वह मंझनपुर स्थित एटीएम से वेतन निकालने गए थे। पर, सर्वर फेल होने के कारण पैसा नहीं निकाल सके। एटीएम में पैसा निकालने के लिए वह काफी देर तक परेशान रहे। इसी बीच एटीएम बूथ पर मौजूद रहे दो युवकों ने मदद के बहाने उनसे उनका एटीएम कार्ड ले लिया। युवकों ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। उधर, पैसे नहीं निकलने पर शिक्षक घर चले गए।
दूसरे दिन सुबह उनके मोबाइल पर खाते से 25 हजार रुपया निकाले जाने का मैसेज आया। इसे पढ़ते ही उनकेहोश उड़ गए। तत्काल उन्होंने बैंक जाकर घटना की जानकारी शाखा प्रबंधक को देते हुए एटीएम को लॉक कराया। साथ ही धोखाधड़ी करके खाते से पैसे निकाले जाने की तहरीर मंझनपुर कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने शिक्षक की तहरीर पर अज्ञात शातिर बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके घटना की तहकीकात शुरू कर दी है। बता दें कि
लगातार हो रही घटनाएं
कौशाम्बी में एटीएम कार्ड बदलकर और बैंककर्मी बनकर एटीएम का गुप्त नंबर हासिल करके दूसरे के खाते से पैसे निकाले जाने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। शिकायतों के बाद भी पुलिस घटना की तफ्तीश करके साइबर क्राइम के इन बदमाशों की धरपकड़ नहीं कर पा रही है।