मंझनपुर (ब्यूरो)। द्वाबा में सक्रिय लुटेरों के गिरोह का बुधवार को पुलिस ने भंडाफोड़ दिया है। सड़कों पर फर्राटे भरने वाले वाहनों में बैठकर वारदात को अंजाम देने वाले मुरादाबाद के तीन बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी बदमाशों के कब्जे से महिलाआें के छीने गए आभूषण बरामद करते हुए लुटेरों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
हाईवे पर राहगीरों के साथ छिनैती करने वाले मुरादाबाद के लुटेरों के गिरोह के तीन सदस्यों को मंगलवार की रात कोखराज कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ननमई तिराहे के पास से धर दबोचा। कोतवाली प्रभारी जेपी यादव ने बताया कि लुटेरों का यह गिरोह अर्से से पुलिस के साथ आंख मिचौली का खेल खेल रहा था। 10 मार्च को लुटेरों ने राजरूपपुर इलाहाबाद की रहने वाली सोना देवी पत्नी सूबेदार का जेवरात से भरा बैग पार कर दिया था।
रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश की जा रही है। 15 मार्च को पप्पू सोनकर, अजय सोनहर निवासी गरई सैनी को दबोच कर उनके कब्जे से सोने का झुमका बरामद करते हुए पूछतांछ की गई तो उन्होंने गिरोह के अन्य सदस्यों के बावत पुलिस को जानकारी दी। बताया कि मुरादाबाद के खुशहालपुर गांव के अम्मन, नन्हे के साथ खलील अहमद को गिरफतार किया गया है। लुटेरों की निशाह देही पर लुटे गए सोने-चांदी के आभूषण आदि बरामद करने के बाद सभी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।