कौशाम्बी की आधा आबादी इन दिनों सांसत में है। जिले में रोजाना हो रही दुराचार, छेड़खानी जैसी घटनाओं के कारण युवतियों का घर से निकलना मुश्किल हुआ है। सोमवार की शाम ही कोखराज इलाके की एक विवाहिता और किशोरी के साथ जहां गांव के ही उचक्कों ने दुराचार की कोशिश की। वहीं सैनी कोतवाली क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर मनचले युवक ने मां-बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता ने बताया कि सोमवार की शाम वह खेत की ओर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही एक युवक ने उसे दबोचकर खेत की ओर खींच ले गया। उसने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। खुद को बचाने के लिए विवाहिता चीखने-चिल्लाने लगी। चीख-पुकार सुनकर गांववाले दौड़े। ग्रामीणों को आता देख युवक धमकी देते हुए भाग निकला। देर शाम परिजनों के साथ कोखराज कोतवाली पहुंचकर विवाहिता ने युवक के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसी तरह से कोखराज कोतवाली क्षेत्र की ही रहने वाली एक किशोरी मंगलवार की सुबह खेत की ओर गई थी। आरोप है कि तभी गांव के एक युवक ने दबोचकर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। किशोरी के चीखने-चिल्लाने पर युवक भाग निकला। घर लौटी किशोरी ने युवक की करतूत की जानकारी परिजनों को दी। किशोरी ने बताया कि युवक आए दिन इसी तरह से उसे परेशान करता रहता है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ जेपी यादव ने बताया कि दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज करके घटना की छानबीन की जा रही है।
उधर, सैनी कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी के साथ सोमवार की शाम गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी के शोर मचाने पर उसकी और बीच बचाव करने दौड़ी उसकी मां की पिटाई कर दी। चीख-पुकार पर गांववालों के दौड़ने पर हमलावर युवक धमकी देते हुए भाग निकला। विवाहिता का आरोप है कि जब वह सैनी कोतवाली शिकायत लेकर पहुंची, तो वहां मौजूद सिपाहियों ने उसे ही डांटकर भगा दिया। मंगलवार को पति के साथ मंझनपुर पहुंची पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एएसपी ने थानाध्यक्ष को घटना की तहकीकात करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।