बाजार गई पुरामुफ्ती इलाके की विवाहिता को सरेराह दबोचकर दबंग ने उसके साथ दुष्कर्म किया। चीखने-चिल्लाने की कोशिश करने पर उसकी पिटाई की। मनमानी करने के बाद धमकियां देते हुए भाग निकला। तहरीर लेकर थाने गई विवाहिता को पुरामुफ्ती पुलिस ने डांटकर भगा दिया। तीन दिनों तक रिपोर्ट लिखाने को भटकती रही युवती ने बृहस्पतिवार को एसपी से शिकायत की। पुलिस अधीक्षक ने एसओ को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता सोमवार की शाम काजीपुर बाजार गई थी। लौटते समय गांव के समीप ही एक युवक ने उसे धरदबोचा। मुंह दबाकर झुरमुट में ले जाकर दुष्कर्म किया। चीखने-चिल्लाने की कोशिश करने पर उसकी पिटाई की। मनमानी करने के बाद कहीं भी जुबान खोलने पर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वह भाग निकला। दरिंदे के चंगुल से छूटी विवाहिता घर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। युवती की हालत देख घरवाले सन्न रह गए। सुबह परिजनों के साथ थाने पहुंची विवाहिता ने घटना की नामजद तहरीर पुरामुफ्ती पुलिस को दी। आरोप है कि रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उसे डांटकर भगा दिया।
तीन दिनों तक रिपोर्ट लिखाने को पूरा परिवार थाने का चक्कर लगाता रहा। सुनवाई नहीं होने पर बृहस्पतिवार को पीड़िता ने मंझनपुर पहुंचकर घटना की शिकायत एसपी से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने एसओ पुरामुफ्ती को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।