बेखौफ चोरों ने शनिवार की रात भरवारी कस्बे में रहने वाले रेलकर्मी का घर खंगाल डाला। दीवार फांदकर घुसे चोर आलमारी, संदूक का ताला तोड़कर 5000 रुपये, लाखों रुपये के गहने, कपड़े आदि कीमती सामान उठा ले गए। रेलकर्मी के मुताबिक चोर उसके यहां से करीब दो लाख का सामान ले गए हैं। भुक्तभोगी की सूचना पर पहुंची भरवारी चौकी पुलिस ने मौका मुआयना किया। रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस चोरों का पता लगाने में जुटी है। घटना से कस्बे में हड़कंप मचा है।
भरवारी कस्बे के मेहता रोड मोहल्ला निवासी फूलचंद्र रेलवे में क्लर्क हैं। शनिवार की रात दीवार फांदकर उसके यहां चोर घुस गए। सीढ़ी के रास्ते कमरे तक पहुंचे चोरों ने आलमारी, संदूक का ताला तोड़कर 5000 रुपये के अलावा सोने का झुमका, माथबिंदी, हार, मंगलसूत्र, कील, चांदी की हाफ पेटी, पायजेब आदि अन्य गहने, कपड़े आदि कीमती सामान ले भागे। भोर में करीब 3 बजे फूलचंद्र उठकर बाथरूम गए, तो उन्होंने कमरा खुला देखा। भीतर झांकने पर उनके होश उड़ गए। आलमारी, संदूक का ताला टूटा और सारा कीमती सामान गायब था। इस पर तत्काल उन्होंने पत्नी, बच्चों को जगाया और घटना की जानकारी मोहल्लेवालों के साथ भरवारी चौकी पुलिस को दी।
रेलकर्मी के घर चोरी की खबर लगते ही आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना पर प्रभारी चौकी प्रभारी केके पांडेय सिपाहियों के साथ आए। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने भुक्तभोगी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस चोरों का सुराग लगाने में जुटी है। मोहल्ले में हुई चोरी की घटना से लोगों में दहशत है। कस्बाइयों ने बताया कि कस्बे में दो-दो पुलिस चौकी है। इसके बाद भी आए दिन चोरी की घटनाएं होती रहती है। भरवारी के लोगों का आरोप है कि रात में पुलिस के गश्त नहीं करने से ही ये घटनाएं हो रही हैं।