थाना क्षेत्र के जवई पड़री गांव के एक अधेड़ की शुक्रवार की शाम रहस्यमय हालात में मौत हो गई। बता दें कि गांव का रहने वाला अयोध्या प्रसाद (40) पुत्र होरी लाल शुक्रवार को बेटी मीना देवी को इंटरमीडिएट की परीक्षा दिलाने गया था।
परीक्षा समाप्त होने के बाद वह बेटी को साथ में लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक उसके पेट में असहनीय दर्द होने लगा। यह देखकर साथ रही बेटी घबरा गई। उसने परिजनों को फोन करके घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग आकर जब तक उसे अस्पताल ले जाते, अधेड़ की सांसें थम चुकी थी। अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।