घरवालों से मिलने आई थी, लेकिन कभी वापस नहीं लौैटी
- फोटो : demo pic
शादी के महज दो साल बाद बुधवार की रात संदिग्ध दशा में घर के भीतर जलने से टोनहा का पुरा गांव की विवाहिता की मौत हो गई। लपटों से घिरी विवाहिता की चीखें सुनकर उसे बचाने दौड़ा पति का एक हाथ भी झुलस गया है। हालांकि गांववालों में चर्चा है कि पति ने ही पीटकर उसे जलाया है। पुलिस ने देवरिया उसके मायकेवालों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ मायके वालों के आने का इंतजार है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
देवरिया जिले की रहने वाली निशा देवी (26) की शादी दो साल पहले पश्चिमशरीरा क्षेत्र के टोनहा का पुरवा पूरबशरीरा गांव में सतीश कुमार से हुई थी। बताया जाता है कि सतीश शराब पीने का आदी है। नशे के आगे वह घर-गृहस्थी का ख्याल नहीं करता था। इसे लेकर पति-पत्नी में रोजाना झगड़ा होता रहता था। इस दौरान वह पत्नी की पिटाई भी करता था। ग्रामीणों की मानें तो बुधवार की देर रात तक भी सतीश और निशा में झगड़ा होता रहा है। रात करीब 11 बजे घर में विवाहिता आग का गोला बन गई। लपटों से घिरी विवाहिता की चीखें सुनकर गांववाले दौड़े, तो सतीश आग बुझाने की कोशिश कर रहा था। यह मंजर देख गांववाले सन्न रह गए। गांववालों ने प्रयास करके किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि जब तक लोग आग बुझाकर विवाहिता को अस्पताल ले जाते उसकी सांसें थम चुकी थी। वहीं इस दौरान सतीश का भी एक हाथ झुलस गया था। लोगों में दबी जुबान चर्चा है कि पिटाई के बाद गुस्से में आकर पति ने ही आग लगाकर उसकी जान ले ली। वहीं कुछ लोग गुस्से में आकर खुदकुशी करना भी मान रहे हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी युवती के मायके देवरिया देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ पश्चिमशरीरा अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तफ्तीश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।