मंझनपुर। कोतवाली क्षेत्र के चकसहनपुर गांव से दूध लेकर लौट रहे सगे भाइयों को बदमाशों ने पीटकर नगदी मोबाइल छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में घंटों कांबिग की, पर बदमाशों का कहीं पता नहीं चला। चर्चा है कि दूध दुहाने को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हुई है। पुलिस ने घायल युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। एसओ ने बताया कि पुरानी अदावत में मारपीट की गई है। पुलिस घटना की तफ्तीश कर रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के ओसा गांव निवासी बब्लू पाल और संदीप पाल दुधिया का काम करते है। बताया कि बुधवार की रात वह चकसहनपुर से दूध लेने के बाद ओसा स्थित डेयरी जा रहे थे। गांव से कुछ दूरी पर बैठे आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें रोककर पिटाई करने के बाद दो हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। पिटाई और छिनैती करने के बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन और कांबिंग करने के बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। उधर चर्चा है कि दूध दुहाने के दौरान हुई कहासुनी पर गांव में ही मारपीट की घटना हुई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुरानी अदावत और पैसे के लेन-देन में मारपीट हुई है। पुलिस घटना की तफ्तीश कर रही है। जो सच्चाई सामने आएगी पुलिस वैसी कार्रवाई करेगी।