जिले के कमासिन में मोबाइल की दुकान व बबेरू में घर में ताला तोड़कर और चिल्ला में बोलेरो चोरों ने पार कर दी।
कमासिन में चोरों ने मोबाइल की दुकान से कई नए मोबाइल सेट और रुपये पार कर दिए।
ओझा नगर में जौहरी प्रसाद की मोबाइल की दुकान में चोरों ने रात में ताला तोड़ दिया। गुल्लक में रखे 8000 रुपये, 30 मोबाइल समेत 80,000 के सामान पर हाथ साफ कर दिया। दुकानदार ने थाने में चोरी की तहरीर दी है।
दूसरी घटना में सिकरी गांव में महिला डेढ़ लाख के जेवर व 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गई। ससुर ने पुलिस को तहरीर दी है। उधर बबेरू कोतवाली क्षेत्र के रगौली गांव में बुधवार की रात चोर ताला तोड़कर गृहस्थी, अनाज उठा ले गए। चंद्रप्रकाश सिंह ने मुरवल चौकी में अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
इसी प्रकार चिल्ला प्रतिनिधि के अनुसार, अतरहट गांव में चोरों ने अवधेश के दरवाजे से बोलेरो पार कर दी। बुधवार को तड़के 3 बजे मास्टर चाबी से बोलेरो स्टार्ट कर चोर ले उड़े। बोलेरो मालिक राजकुमार यादव बिछवाही गांव के रहने वाले हैं। थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज हो गया है।