मंझनपुर। सैनी कोतवाली क्षेत्र के अलीपुरजीता गांव के समीप सोमवार शाम बेखौफ बदमाशों ने बाइक सवार दंपति को लूट लिया। विरोध करने पर उनकी बेरहमी से पिटाई भी की। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना स्थित अफोई गांव निवासी मो. आलम की सैनी में ससुराल है। सोमवार शाम वह अपनी बीवी परवीन के साथ ससुराल जा रहा था। आलम के मुताबिक अलीपुरजीता के पास सड़क किनारे पहले से घात लगाकर बैठे करीब आधा दर्जन बदमाशों ने उसको रोका और उसके साथ बीवी की भी पिटाई शुरू कर दी।
इसके बाद बीवी के गले से सोने की दो चेन, झुमका व आलम के जेब में रहा 30 हजार रुपया नगद लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाया तो मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी करके बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। पर, कामयाबी नहीं मिली। मामले में सैनी इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है। प्राथमिक जांच में घटना संदिग्ध लग रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उधर, पीड़ित ने अलीपुरजीता गांव के ही छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दे दी है।