कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में मंगलवार शाम जमीनी विवाद के चलते पड़ोसी दबंगों ने एक युवक की पिटाई की। जान बचाकर भागते वक्त उसके ऊपर फायर झोंक दिया। हालांकि वह बाल-बाल बच गया। पीड़ित ने घटना की शिकायत एसपी से करके कार्रवाई की मांग की है।
जगन्नाथपुर निवासी केदारनाथ पुत्र झल्लर ने बताया कि पड़ोसी दबंगों से एक जमीन को लेकर उसका झगड़ा चल रहा है। इसे लेकर वह आए दिन गाली-गलौज करते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पीड़ित की मानें तो मंगलवार शाम भी दबंग अपशब्द कह रहे थे। ऐतराज जताने पर लाठी-डंडे से पिटाई शुरु कर दी। जान बचाने के लिए युवक भागा तो एक हमलावर ने उसके ऊपर तमंचे से फायर झोंक दिया। गनीमत ये रही कि पीड़ित बच गया। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर दिया। कार्रवाई नहीं होने पर एसपी से शिकायत की। एसपी प्रदीप गुप्ता ने कौशाम्बी कोतवाल को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।