चायल(कौशाम्बी)। पुरामुफ्ती इलाके के रहने वाले युवक ने सोमवार की दोपहर रिश्ते को कलंकित करते हुए चाची की आबरू लूटने की कोशिश की। चीखने-चिल्लाने पर युवक धमकी देते हुए भाग निकला। मंगलवार को पीड़िता ने घटना की शिकायत तहसील दिवस में सीओ से की। क्षेत्राधिकारी ने एसओ पूरामुफ्ती को मामले की जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
पुरामुफ्ती इलाके के एक गांव की रहने वाली विवाहिता सोमवार की दोपहर घर पर अकेली थी। पति मजदूरी करने इलाहाबाद गया था। बताया कि सोमवार की दोपहर भतीजा बहाने से घर आ गया। उसे घर में अकेली देख दबोचकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। भतीजे की हरकतें देख विवाहिता खुद को उसके चंगुल से छुड़ाते हुए चीखते-चिल्लाते बाहर भागी। उधर, चीख-पुकार पर आसपास के अन्य घरों के लोग दौड़ पड़े। लोगों का आता देख युवक विवाहिता को जानलेवा धमकी देते हुए भाग निकला।
उधर, रात में घर लौटने पर उसने पति को भतीजे की करतूत की जानकारी दी। साथ ही सुबह पति के साथ पुरामुफ्ती कोतवाली गई। आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी इलाकाई पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं किया। मंगलवार की दोपहर पीड़िता ने चायल तहसील आकर घटना की शिकायत क्षेत्राधिकारी से की। सीओ आलोक कुमार मिश्र ने एसओ पुरामुफ्ती को घटना की जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।