विकलांगता से परेशान बेगमपुर गांव की एक युवती ने रविवार की दोपहर फंदे से लटककर जान देने की कोशिश की। ऐन वक्त पर बहन की नजर पड़ जाने से लोगों ने उसकी जान बचा ली। नाजुकदशा में युवती को एसआरएन अस्पताल इलाहाबाद में भर्ती कराया गया है। बेटी के इस आत्मघाती कदम से पूरा परिवार परेशान है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बेगमपुर गांव निवासी सुरेन्द्र कुमार किसान है। रविवार की सुबह वह परिवार के साथ खेत में काम करने गया था। घर पर उसकी दो बेटियां थी। उसकी बड़ी बेटी एक पैर से नि:शक्त है। बताया जाता है कि दोपहर वह किसी तरह पशुशाला पहुंची। वहीं उसने धन्नी के सहारे फंदे से लटककर खुदकुशी का प्रयास किया। वह तो अच्छा रहा कि जिस वक्त वह फंदे से लटकी। उसी समय उसकी छोटी बहन ममता मवेशियों को चारा डालने के पशुशाला पहुंच गई। उसने दीदी को फंदे से लटकता देखा, तो चीखने-चिल्लाने लगी। चीख-पुकार सुन गांववाले भागकर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन युवती को फंदे से नीचे उतारकर लोग नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने नाजुक दशा देख उसे एसआरएन अस्पताल इलाहाबाद रेफर कर दिया। जहां युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। घरवालों का मानना है कि विकलांगता की वजह से परेशान होकर उसने यह आत्मघाती कोशिश की है। बेटी की इस कारस्तानी से पूरा परिवार परेशान है।