जमीन कब्जे की पुरानी रंजिश में मंगलवार की रात कोखराज गांव के एक व्यक्ति की जान लेने की कोशिश की गई। फसल रखवाली के दौरान खेत में घेरकर हमलावरों ने कुल्हाड़ी से उसके ऊपर हमला कर दिया। धारदार हथियार के हमले में वह जख्मी होकर गिर पड़ा। चीख-पुकार पर आसपास के अन्य खेतों में रहे किसानों के दौड़ने पर हमलावर भाग निकले। जख्मी युवक की बहन की तहरीर पर पुलिस ने गांव के रहने वाले दो व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोखराज गांव निवासी सोनू (38) किसान है। उसके खेत गंगा तराई में हैं। उसने कछारी खेतों में तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी आदि की फसल तैयार की है। वह मंगलवार की शाम करीब 7 बजे फसल की रखवाली के लिए खेत में था। तभी गांव के दो युवक वहां पहुंचे और कुल्हाड़ी से उसके ऊपर हमला कर दिया। सिर में कुल्हाड़ी के हमले से वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। हमले में जख्मी युवक की चीखें सुनकर आसपास के अन्य खेतों में रहे लोग शोर मचाते हुए दौड़े। गांववालों को आता देख हमलावर भाग निकले। मौके पर पहुंचे गांववालों ने जब सोनू से खून से लथपथ अचेत पड़े देखा तो सन्न रह गए। सूचना पर परिजन भी भागकर पहुंचे। हमले की सूचना इलाकाई पुलिस को देते हुए घरवालों ने जख्मी सोनू को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं जानलेवा हमले की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद जख्मी युवक की बहन संतोषी देवी की तहरीर पर गांव के दो व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ विनोद यादव ने बताया कि हमलावरों और युवक के परिवार के बीच जमीन के कब्जे को लेकर विवाद है। जमीन की इसी रंजिश में यह हमला हुआ है। घटना की जांच की जा रही है।