सैनी कोतवाली क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में शनिवार की सुबह खेल-खेल में साथी ने किशोर का रस्सी से गला कस दिया। बच्चे के चीखने पर साथी मौके से भाग निकले। किशोर की चीख सुन घर वाले मौके पर पहुंचे और किशोर को नाजुक दशा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद इलाहाबाद अस्पताल रेफर कर दिया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के दिलावलपुर गांव निवासी धर्मपाल किसान है। शनिवार की सुबह वह पशुशाला गया था। इसी दौरान उसका 13 वर्षीय बेटा कल्लू मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ खेल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान साथियों ने खेल-खेल में कल्लू का गला रस्सी से कस दिया। किशोर की चीख पुकार सुन घर-परिवार के साथ गांव के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घर परिवार के लोग किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद एसआरएन अस्पताल इलाहाबाद रेफर कर दिया है। साथियों की इस हरकत के बाद से पीड़ित परिवार डरा सहमा हुआ है। भुक्तभोगी परिवार से तहरीर लेकर पुलिस घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।