सरायअकिल। इलाके के बैरागीपुर गांव के पास कचहरी जा रहे बाइक सवार दो अधिवक्ताओं को तेज रफ्तार कार ने कुचलने का प्रयास किया। घटना में घायल एक अधिवक्ता की हालत गंभीर है। इलाज के लिए उसे प्रयागराज के एसआरएन में भर्ती कराया गया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सरायअकिल कोतवाली का घेराव करते हुए धरना प्रदर्शन किया। मामले में पुरानी रंजिश को लेकर हत्या करने की साजिश का आरोप लगाते हुए पड़ोसियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
सुरसेनी निवासी राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी जिला न्यायालय में अधिवक्ता हैं। उनकी पुरानी रंजिश गांव के ही कुछ लोगों से चल रही है। गुरुवार को वह अपने साथी वकील वीरेंद्र कुमार मिश्रा निवासी बसुहार के साथ बाइक से जिला कचहरी जा रहे थे। रास्ते में बैरागीपुर गांव के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक कार चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। इससे बाइक सवार एडवोकेट वीरेंद्र कुमार के पिछले पहिये में फंस कर दूर तक घिसट गए। जबकि राजेंद्र द्विवेदी को मामूली चोटें आई। घटना के बाद कार चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सरायअकिल पहु़ंचाया। अधिवक्ता वीरेंद्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज एसआरएन रेफर कर दिया गया। उधर, घटना से नाराज अधिवक्ता के परिजनों ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ मिलकर सरायअकिल थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। गुस्साए लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। घायल अधिवक्ता राजेंद्र द्विवेदी ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए गांव के ही लोगों के खिलाफ तहरीर दिया है। सीओ चायल राज कुमार त्रिपाठी का कहना है कि सड़क दुर्घटना में अज्ञात कार की टक्कर से दोनों अधिवक्ता घायल हुए हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।