पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के हटवा गांव में रहने वाली एक महिला के खाते से एटीएम कार्ड का कोड पूछताछ साइबर अपराधियों ने 94 हजार रुपया पार कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हटवा गांव की आशरा पत्नी भुल्लन ने बताया कि तीन जून को उसके मोबाइल पर अंजान नम्बर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए एटीएम कार्ड का कोड नम्बर पूछा। इसके बाद खाते से 94 हजार 489 रुपया पार कर दिया। मोबाइल में धन निकासी का संदेश देख पीड़ित महिला के होश उड़ गए। आननफानन बैंक शाखा से संपर्क करके उसने एटीएम लॉक कराया। इसके बाद पुलिस को शिकायती पत्र दिया। आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान पीड़ित महिला ने दो दिन पहले एसपी से शिकायत कर दी। एसपी प्रदीप गुप्ता के निर्देश पर बुधवार को पूरामुफ्ती पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। एसपी ने प्रकरण की जांच साइबर सेल को सौंप दी है।