मंझनपुर। ट्रांसफार्मर फुंकने के विरोध पर उतरे ग्रामीणों को समझाने गए बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता और जेई को लोगों ने बंधक बना लिया। हंगामे की खबर पाकर ओसा चौराहे पहुंची कोतवाली पुलिस ने अफसरों को बचाते हुए उपद्रवियों को डंडा पटक खदेड़ दिया। देर रात अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद समेत 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश और घटना की छानबीन कर रही है।
बता दें कि मंझनपुर उपकेन्द्र से जुडे़ ओसा चौराहे पर बिजली आपूर्ति के लिए 63 केवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। बुधवार शाम 15 दिन में तीसरी बार ट्रांसफार्मर फुंका तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मंझनपुर-करारी मार्ग जाम करते हुए लोग अधिशासी अभियंता और जेई को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। अवर अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि ओसा पहुंचते ही उग्र लोगों ने एक्सईएन की गाडी को रोकते हुए उन लोगों को बंधक बना लिया। अफसरों के साथ लोगों ने हाथापाई भी की।
अफसरों को बंधक बनाए जाने की खबर सुनते ही मंझनपुर और करारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का हंगामा देख पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया पर वे नहीं मानें। इस पर पुलिस को मजबूरन डंडा पटक उपद्रवियों को खदेड़ना पड़ा। देर रात कोतवाली पहुंचे अवर अभियंता चंद्रशेखर आजाद ने ओसा के राम नरेश मौर्या, सुनील कुमार, राहुल, रामचंद्र, श्यामलाल, राजू और पंकज समेत 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अवर अभियंता की तहरीर पर उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।