हाइवे पर कोइलहा गांव के समीप रविवार की सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि पत्नी और बेटा गंभीररूप से जख्मी हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक पत्नी और बेटे के साथ बाइक से जा रहा था, तभी उसकी बाइक ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई थी। हादसे में हुई युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव का रहने वाला विनोद कुमार (25) पुत्र गुलाब चंद्र शुक्रवार की सुबह पत्नी संजू देवी (22) और सालभर के बेटे अंश को साथ में लेकर बाइक से इलाहाबाद इलाज के लिए जा रहा था। जैसे ही उसकी मोटरसाइकिल पुरामुफ्ती क्षेत्र के कोइलहा गांव के समीप पहुंची। तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। बाइक से गिरकर युवक ट्रैक्टर ट्राली के पहिया के नीचे आ गया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी संजू देवी और बेटा अंश गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। साथ ही लोगों ने सड़क पर जख्मी पड़ी विवाहिता और उसके दुधमुंहे बेटे को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में हुई युवक की मौत से परिजनों की रो-रोकर हालत खराब है।