मामूली बात पर पिता-पुत्रों को बेरहमी से पीटा
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के मूरतगंज कस्बे का मामला, केस दर्ज
कोखराज (ब्यूरो)। मूरतगंज कस्बे में मंगलवार सुबह मामूली बात पर पड़ोसी दबंगों ने एक अधेड़ की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके तीन पुत्रों को भी पीटा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मूरतगंज निवासी रामबाबू ने बताया कि मंगलवार सुबह पड़ोसी उसकी छत के ऊपर से पानी का पाइप ले जा रहा था। मना करने पर अपशब्द कहते हुए परिजनों संग मिलकर उसने पिटाई शुरू कर दी। रामबाबू को पिटता देख उसके बेटे राहुल, मनोज व सुनील बीच-बचाव करने पहुंचे तो इन सभी को भी लाठी-डंडे से पीटा गया। इस दौरान चीख-पुकार पर जुटे बाजारवासियों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर राकेश सरोज का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दहेज के लिए विवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश
पीड़िता के पिता की तहरीर पर पति सहित सात के खिलाफ एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
सरायअकिल। प्रयागराज में ब्याही दोआबा की एक बेटी को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने जिंदा जलाने का प्रयास किया। इस दौरान उसकी बेरहमी से पिटाई भी की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के बिगहरा उस्मानपुर निवासी महंतराम त्रिपाठी ने बताया कि तीन दिसम्बर 2016 को उसने अपनी बेटी प्रमिला का विवाह प्रयागराज के मालवीय नगर चौक में रहने वाले हदेश मिश्रा से किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया। पर, उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़ित के मुताबिक पखवाड़े भर पहले ससुरालीजनों ने उसकी बेटी को बेरहमी से पीटा। इसके बाद एक कमरे में बंद करके जिंदा जलाने जा रहे थे। चीख-पुकार पर जुटे पड़ोसियों ने दखल देकर जान बचा ली। इसके बाद पीड़िता मायके चली आई। उसकी तहरीर पर सोमवार को सरायअकिल पुलिस ने आरोपी पति हदेश, सास नगीना, ससुर राघवेन्द्र, नंद सुचिता, शिवांगी, देवर हिमांशु व शुभम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर प्रदीप रॉय ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।