घर मेें घुसकर महिला से सामूहिक दुराचार
विरोध करने पर तमंचा दिखाकर बच्चों को जान से मारने की दी धमकी
तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, मेडिकल को भेजी गई पीड़िता
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
कोतवाली इलाके की एक विवाहिता के साथ पड़ोसी युवकाें ने सामूहिक दुराचार किया। विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचा दिखाते हुए बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। शुक्रवार को महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
मंझनपुर इलाके के एक गांव की रहने वाली एक महिला शनिवार रात घर में अकेली थी। पति मजदूरी करने इलाहाबाद गया था। गुरुवार रात करीब नौ बजे गांव के तीन युवक बहाने से घर के भीतर पहुंच गए। जब तक वह कुछ समझ पाती युवकों ने तमंचा सटाते हुए बिस्तर पर पड़े मासूम बच्चे को गोली मारने की धमकी दी। इससे महिला सहम गई। इसके बाद युवकों ने सामूहिक दुराचार किया। दरिंदगी करने के बाद युवक शिकायत न करने की धमकी देते हुए भाग निकले। दूसरे दिन पीड़िता ने आपबीती पति को बताई। पति के साथ वह थाने पहुंची। आरोप है कि पुलिस एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी। मामले की शिकायत एसपी से की गई। एसपी के निर्देश पर मंझनपुर थाने की पुलिस ने आरोपी राजाराम, पवन कुमार और विष्णु के खिलाफ गैंपरेप का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।