हादसे में घायल एम्बुलेंस चालक की मौत
- जिला अस्पताल के सामने बुधवार शाम हुआ था हादसा
मंझनपुर (ब्यूरो)। जिला अस्पताल के सामने बुधवार को सड़क हादसे में घायल हुए एंबुलेंस चालक ने शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के तन्ना पर गांव का तीरथ (35) पुत्र प्रेम सिंह संयुक्त जिला चिकित्सालय में संविदा पर एंबुलेंस चालक था। बुधवार को घर से चिकित्सालय जाते वक्त जिला अस्पताल के समीप ही डंपर ने उसकी कार में टक्कर मार दी थी। हादसे में तीरथ गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्रयागराज के निजी अस्पताल में गुरुवार सुबह उसकी सांसें थम गईं। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। अज्ञात वाहन के खिलाफ एफआईआर लिखकर पुलिस डंपर चालक की तलाश कर रही है।
----
सेल्फी लेती रही जल मार्ग की निगरानी को गई पुलिस
- एसपी ने दिया था निर्देश, जल मार्ग से शराब आदि की तस्करी का है खतरा
फोटो नं.15
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर/कनैली। जल मार्ग की निगरानी को भेजी गई पुलिस टीम गुरुवार शाम यमुना नदी में सेल्फी लेती रही। नाव के सहारे आ-जा रहे किसी भी व्यक्ति से न तो पूछताछ की गई और न ही तलाशी ली गई। इससे साफ है कि लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने में पुलिस कितनी ईमानदारी से काम करेगी। लोकसभा चुनाव में जल मार्ग से भी कच्ची शराब आदि की तस्करी का खतरा है। अपराधी भी नाव के सहारे आ-जा सकते हैं। इन आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए एसपी प्रदीप गुप्ता ने गुरुवार सुबह जिले भर की पुलिस को जल मार्ग पर यानी नदी में कॉम्बिंग करने का निर्देश दिया था। पुलिस ने ऐसा किया भी। पर, देखा गया कि सरायअकिल पुलिस नाव पर बैठकर सिर्फ सेल्फी लेती रही। इस दौरान तमाम लोग आते-जाते रहे। कुछ के पास झोला वा बोरियां भी थीं। पुलिस वालों ने रोककर इनसे पूछताछ और तलाशी लेना मुनासिब नहीं समझा। इससे साफ है कि खाकी वाले केवल कागजी कोरम पूरा करने गए थे। मामले में एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि पुलिस वालों ने ऐसा किया है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
----
सड़क हादसों में दो लोग घायल
फोटो नं-14,16
मंझनपुर/कड़ा। सैनी इलाके के टेंढ़ीमोड़ गांव का ननकू गुरुवार शाम किसी काम से दारानगर गया था। लौटते वक्त दारानगर के समीप ही अचानक मवेशी के सामने आने पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ननकू घायल हो गया। उसे सिराथू सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इसी तरह पश्चिमशरीरा निवासी मोहनलाल टेवां स्थित नवोदय विद्यालय आया था। सड़क पार करते वक्त कार की टक्कर से घायल हो गया। उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।