बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े किसान को किया अगवा
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के बैगवां फतेहपुर गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
बारा। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के बैगवां फतेहपुर गांव में रहने वाले एक किसान का शनिवार को दिनदहाड़े कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश कर रही है।
बैगवां फतेहपुर निवासी छेदीलाल किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। उसकी बीवी किरन देवी ने बताया कि शनिवार शाम छेदी गांव स्थित अपने नलकूप गया था। इसके बाद किसी काम से पैदल मढ़ी पेट्रोल पंप जा रहा था। पंप के समीप पहुंचते ही पीछे से आए कार सवार बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया। कुछ देर बाद छेदी ने गांव के गुलाब अग्रहरि को फोन करके खुद को अगवा किए जाने की जानकारी दी। बताया कि अपहरणकर्ता उसे पश्चिमशरीरा की तरफ ले जा रहे हैं। गुलाब ने यह बात छेदीलाल के परिजनों बताई तो उनके हाथ-पैर फूल गए। सूचना मिलते ही कौशाम्बी पुलिस ने घेराबंदी कर दी। करीब घंटे भर तक चली कॉम्बिंग के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग सका। उधर, छेदीलाल का मोबाइल फोन भी बंद बताने लगा। पुलिस ने उसका नम्बर सर्विलांस पर लगा दिया है। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध भी बता रही है।
इनका कहना है
किसान ने फोन करके जिस जगह से अपहरण किए जाने की बात बताई है, वहां जनसत्ता दल का कार्यालय है और सीसीटीवी कैमरा भी लगा है। घटना संदिग्ध लग रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
स्वामीनाथ-इंस्पेक्टर, कौशाम्बी