असली बाइक चोर मिलते ही टूट पड़े लोग
मारपीट कर चोर को किया पुलिस के हवाले
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी के दो दुकानदारों को धूमनगंज थाने की पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में जेल भेज दिया था जबकि बार-बार वे यही चिल्ला रहे थे कि किसी दूसरे ने बाइक उनके दुकान के सामने खड़ी की थी। जेल से लौटे दुकानदार ने शनिवार को असली बाइक चोर को देखा तो घेरकर पकड़ लिया और मारपीट कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस लगातार आरोपी से पूछताछ कर रही है।
मनौरी के दुकानदार राज केशरवानी व अनमोल केशरवानी को हाल ही में धूमनगंज थाने की पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में जेल भेज दिया था। चोरी की बाइक इनकी दुकान के सामने से पुलिस ने बरामद की थी। दोनों दुकानदार पुलिस को यही बता रहे थे कि दुकान के सामने किसी ने बाइक खड़ी की है। उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। इसके बावजूद पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी थी। शनिवार दोपहर राज अपनी दुकान में बैठा था। इसी दौरान उसने एक युवक को देखा। युवक को देखते ही राज शोर मचाते हुए बाहर आया और युवक को दबोच लिया। तमाम व्यापारी भी वहां पहुंच गए। राज ने बताया कि इसी युवक ने उसकी दुकान के सामने बाइक खड़ी की थी। इस पर पब्लिक ने मारपीट कर उसे घायल कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर आई पुलिस ने पूछताछ के बाद युवक को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। युवक मोहिद्दीनपुर गांव का बताया जा रहा है। पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर भाष्कर मिश्र का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।