पति की बीमारी से तंग महिला ने लगाई फांसी
तीन बच्चों को घर से बाहर निकालकर की आत्महत्या
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। करारी के पिपरकुंडी में पति की बीमारी से तंग आकर पूनम देवी ने फांसी लगाकर सोमवार को जान दे दी। पति मानसिक रूप से बीमार है। इलाज के लिए रुपया न होने पर महिला ने आत्महत्या की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिपरकुंडी निवासी चिरौंजी लाल गुप्ता का साल भर पहले एक्सीडेंट हो गया था। हादसे के बाद से चिरौंजी लाल की मानसिक स्थिति बिगड़ गई। पत्नी पूनम देवी (32) किसी तरह मेहनत मजदूरी कर पति का इलाज करा रही थी। पति के इलाज में वह कर्जदार भी हो गई थी। रुपये का इंतजाम न होने से वह परेशान रहती थी। सोमवार सुबह करीब नौ बजे पूनम ने बेटे विक्रम, अमन व ढाई साल की रोली को घर से बाहर निकालकर फांसी लगा ली। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकली तो बच्चे रोने लगे। मोहल्ले के लोगों ने भीतर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूनम की मौत से पूरा गांव गमगीन हैं। पूनम ने पति का इलाज कराने के लिए हर संभव प्रयास किया था। उसने कोई कसर नही छोड़ी थी, लेकिन बीमारी ठीक होने का नाम ही नहीं ले रही थी। वह दूसरों से रुपया उधार लेकर किसी तरह इलाज करवा रही थी। पूनम की मौत के बाद चिरौंजी लाल व उसके बच्चों की परवरिश कैसे होगी? इसको लेकर लोग एक दूसरे से सवाल कर रहे हैं।