मंझनपुर। कड़ा धाम में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। मंदिर के पीछे एक धर्मशाला में रसोई गैस सिलेंडर से खाना बनाते समय आग लग गई। इससे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। पंडों ने स्थिति को बेकाबू होते देखा तो खुद ही कमान संभाली और किसी तरह भीड़ को काबू में कर आग बुझाई।
इलाहाबाद के महेवा निवासी अशोक कुमार परिवार के साथ रविवार को मां शीतला धाम मंदिर में दर्शन पूजन के लिए आया था। मंदिर के पीछे पटेल धर्मशाला में वह परिवार के पूड़ी, खीर आदि चढ़ावा के लिए बनवा रहे थे। इसी दौरान रसोई गैस सिलेंडर के लीकेप पाइप की वजह से आग लग गई। सिलेंडर की आग फैलने लगी तो धर्मशाला में अफरा-तफरी मच गई।
श्रद्धालु जान बचाकर शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागे तो धाम में मौजूद श्रद्धालु बौखला गए। वह भी बिना सोचे-समझे भागने लगे। पंडों ने पुलिस को सूचना देकर आग बुझाने की कोशिश की। पंडों के सामने सबसे बड़ी समस्या थी कि भीड़ को नियंत्रित करना। किसी तरह समझा-बुझाकर भीड़ को नियंत्रित किया इसके बाद सिलेंडर की आग बुझाई गई। आग बुझने के बाद पंडों ने राहत की सांस ली।
कड़ा धाम में लगी सिलेंडर से आग, अफरा-तफरी
पंडों ने भीड़ को काबू में कर बुझाई आग