पांच लाख की रंगदारी के लिए निर्माण नहीं होने दे रहे दबंग
सरायअकिल इलाके के युवक ने समदा में मां के नाम खरीदा था प्लाट
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पांच की लाख की रंगदारी नहीं दे पाने पर दबंग एक व्यक्ति को उसकी जमीन पर निर्माण नहीं होने दे रहे हैं। विरोध करने पर युवक को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मामले की शिकायत शनिवार को एसपी से की गई है। सरायअकिल कोतवाली के किशुनपुर अंबारी गांव निवासी सुशील गुप्ता सदर कोतवाली के समदा में घर बनाकर रहता है। पिछले दिनों सुशील ने समदा में ही अपनी मां के नाम पर एक प्लाट की रजिस्ट्री कराया। आरोप है कि कुछ दबंग उस जमीन पर निर्माण नहीं होने दे रहे हैं। सात दिसंबर को रजिस्ट्री कराने के बाद भी आज तक उस जमीन पर नींव तक नहीं डाली जा सकी है। दबंगों का कहना है कि वह पांच लाख लेने के बाद ही निर्माण करने देंगे। इसकी शिकायत एसडीएम सदर और सदर कोतवाली पुलिस से की गई थी। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर पीड़ित ने शनिवार को एसपी प्रदीप गुुप्ता से शिकायत कर कार्रवाई की मांग किया है।
---------
बाइक और कैश के लिए विवाहिता को मारपीट कर निकाला
अदालत के आदेश पर ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। दहेज में बाइक और एक लाख कैश की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने एक विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। साल भर पहले महिला की शादी हुई थी। मामले में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया गया है।
कोखराज कोतवाली के बम्हरौली गांव निवासी अर्चना की शादी एक साल पहले सदर कोतवाली के बरईन का पुरवा गांव में हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले उसे एक लाख कैश व बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। मामले की जानकारी पर मायके पक्ष के लोगों ने सुलह का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। इस पर अगस्त 2018 को ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। घटना में अदालत के आदेश पर पुलिस ने ससुराली सुरजीत, दयाशंकर, राधा, कल्लू और रिश्तेदार शिवपूजन व दशरथ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।