ग्राहकों ने दुकानदार को पीटते हुए तानी राइफल
-पांच सौ रुपए का फुटकर नहीं देने पर दिखाई दबंगई, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चायल (कौशाम्बी)। पिपरी के कटौहला गांव में पान खाने गए युवकों ने पांच सौ का फुटकर नहीं देने पर दुकानदार को पीटते हुए राइफल लेकर दौड़ा लिया। भरे बाजार युवकों का तांडव देख अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
पिपरी थाना क्षेत्र के कटौहला गांव निवासी भैयालाल प्रजापति पुत्र किशोरी लाल ने स्थानीय चौराहे पर पान की गुमटी खोल रखी है। बताया कि शाम को गांव के तीन-चार युवक दुकान पर पहुंचे और पान खाया। इसके बाद पांच सौ रुपए का नोट थमा दिया। नोट लेते हुए दुकानदार ने फुटकर नहीं होने की बात कही तो युवक भड़क गए। दुकानदार को पीटते हुए युवकों ने राइफल लेकर दौड़ा लिया और दोबारा ऐसा करने पर जान से मारने की धमकी दी। भरे बाजार युवकों का तांडव देख अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों के चंगुल से छूटा दुकानदार शिकायत लेकर थाने पहुंचा और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।