पलटने से बची स्कूल बस, 35 बच्चों की बची जान
मंझनपुर (ब्यूरो)। कौशाम्बी थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव के सामने गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। स्कूल बस की स्टीयरिंग अचानक फेल हो गई। इससे बस पलटते-पलटते बची। चालक ने अपनी सूझबूझ से बस को नियंत्रित कर मासूमों की जान बचाई।
बारा क्षेत्र के एक निजी स्कूल की बस दोपहर में स्कूल बंद होने पर 35 बच्चों को लेकर उनके घर छोड़ने जा रही थी। बस जैसे ही जगन्नाथपुर गांव के समीप बच्चों को उतारकर आगे बढ़ी अचानक उसकी स्टीयरिंग फेल हो गई। इससे बस अनियंत्रित हो गई। दो बार सड़क से उतरते-उतरते बची। बच्चों ने बस अनियंत्रित देखा तो चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुन राहगीर भी हतप्रभ रह गए। सड़क पर लहराती बस देख लोगों ने पसीना छोड़ दिया था। मगर चालक ने किसी तरह बस को नियंत्रित कर बच्चों की जान बचाई। स्टीयरिंग फेल होने की जानकारी बच्चों के अभिभावकों को मिली तो वे आनन-फानन मौके पर पहुंचे। बच्चों को सुरक्षित देख उन्होंने राहत की सांस ली। वहीं स्कूल संचालक समेत सभी शिक्षक भी बदहवास हालत में वहां पहुंचे थे।