घर से नगदी-जेवरात लेकर बहू चंपत
- खोजबीन में परेशान सास ने पुलिस से की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पिपरी कोतवाली के चिल्ला मुंजफ्ता गांव में सोमवार की दोपहर एक महिला संदिग्ध हालत में गायब हो गई। महिला की सास ने बहू पर घर से जेवर और नगदी लेकर भाग जाने का आरोप लगाया है। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
चिल्ला मुजफ्ता गांव की ननकी देवी पत्नी स्व. मालिक सिंह घर पर अकेली रहती है। पुलिस को दी तहरीर में ननकी ने बताया कि उसके बेटे बृजराज सिंह की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। बृजराज की पत्नी चांदनी देवी उर्फ कविता उसे छोड़कर मुंडेरा बाजार में रहने लगी थी। महिला ने बताया कि सोमवार को वह प्रयागराज दवा लेने के लिए गई थी। इसी दौरान उसकी बहू आधा दर्जन लोगों के साथ उसके घर पहुंची और दरवाजे का ताला तोड़कर घर में रखा 30 हजार रुपया नगद, आधा किलो चांदी के जेवरात, रसोई गैस, टीवी समेत लाखों का सामान निकाल कर उसी गांव में रहने वाली उसकी बहन के घर में रख दिया। सूचना पाकर वह घर पहुंची और अंदर के हालात देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने थाने जाकर आरोपी बहू और उसके साथ आए अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर राकेश तिवारी का कहना है कि यह सास-बहू के बीच का विवाद है। गांव में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
चरवाहे ने किसान को धुना, शिकायत
चायल। स्थानीय कस्बा निवासी बैजनाथ किसानी कर परिवार का गुजारा करता है। मंगलवार शाम वह अपने खेतों की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान गेरिया खालसा गांव का एक युवक अपने जानवरों को चराते हुए उसके खेत में पहुंच गया। किसान के मना करने पर वह गाली गलौच कर उसकी पिटाई करने लगा। इससे किसान को काफी चोटें आईं। शोर सुनकर जुटे लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। घायल ने थाने जाकर आरोपी चरवाहे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज कर घायल को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।