मंझनपुर। पिपरी इलाके में मासूम की गैंगरेप के बाद हत्या करने वाले दरिंदों पर एनएसए लगेगा। पुलिस ने करवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों दरिंदे फिलहाल सलाखों के पीछे हैं।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र की छह वर्षीय मासूम बच्ची कक्षा एक की छात्रा थी। 10 अप्रैल 2018 को गांव के ही जगदीश पुत्र कल्लू व अरविंद पुत्र रामसिंह ने टॉफी का लालच देकर उसका अपहरण कर लिया था। इसके बाद मखऊपर गांव में नदी किनारे सुनसान स्थान पर लेजाकर रेप किया था। फिर गला घोंटकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। तभी से दरिंदे सलाखों के पीछे हैं। पुलिस ने अब उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। एसपी प्रदीप गुप्ता के निर्देश पर फिलहाल सर्किल स्तर पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इंस्पेक्टर और सीओ की रिपोर्ट के बाद अपर पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक भी रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को भेजेंगे। फिर जिलाधिकारी अनुमोदन कर देंगे तो पुलिस कौशाम्बी कारागार में निरुद्ध आदेश तामील करवा देगी। इसके बाद दरिंदों का सलाखों के पीछे से बाहर आना मुश्किल होगा।
इस तरह का अपराध करने वाले लोग समाज के दुश्मन हैं। ऐसे सभी अपराधियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई होगी। सामूहिक दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या के मामले में एनएसए की कार्रवाई की जा रही है।
प्रदीप गुप्ता-एसपी