कार ने सड़क पार कर रही मासूम को रौंदा
कोखराज के बिसारा गांव में गुरुवार दोपहर हुई घटना
कार चालक फरार, पीड़ित परिवार में कोहराम
कोखराज।
इलाके के बिसारा गांव में गुरुवार दोपहर सड़क पार कर रही मासूम बच्ची को बेकाबू कार ने कुचल दिया। इलाज के लिए जिला अस्पताल लाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
कोखराज के बिसारा गांव का गणेश सरोज ईंट भट्ठे पर मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता है। उसकी सात वर्षीय बेटी शिवानी गुरुवार दोपहर कोई सामान खरीदने जा रही थी। गांव की मुख्य सड़क क्रॉस करते समय भरवारी से मंझनपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उसको कुचल दिया। दुर्घटना देख आसपास रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। इस बीच परिजन भी आ गए। परिवार वाले आननफानन में एंबुलेंस से बच्ची को लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए। इस दौरान रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। घटना से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब है। पुलिस ने पंचनामा करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोखराज एसओ राकेश चौरसिया ने बताया कि मासूम को रौंदने के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
फोटो नं-7,8
------------
घरेलू कलह से आजिज विवाहिता ने खाया जहर
पइंसा गांव की महिला ने गुरुवार सुबह उठाया आत्मघाती कदम
अमर उजाला ब्यूरो
सिराथू।
पइंसा गांव की एक विवाहिता ने गुरुवार की सुबह जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। आत्मघाती कदम उठाने के पीछे घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पइंसा गांव की लालती देवी पत्नी महेश कुमार ने गुरुवार सुबह घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उनके होश उड़ गए। आननफानन में परिवार वाले विवाहिता को सिराथू सीएचसी ले गए। जहां हालत नाजुक देख प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसको जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला परिवारीजनों के झगड़े से आहत थी। इसी वजह से उसने जान देने का प्रयास किया। उधर, परिवार वाले इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। पइंसा पुलिस ऐसी किसी जानकारी से ही इनकार कर रही है। चिकित्सकों ने बताया कि विवाहिता की हालत अब खतरे से बाहर है।
फोटो नं-9
------------