सरायअकिल में विवाहिता से गैंगरेप
-रविवार को जा रही थी मायके, रास्ते में पड़ोसी युवकों ने की दरिंदगी
-पुलिस ने डांटकर भगाया, एसपी ने जांच कर कार्रवाई का दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सरायअकिल इलाके में रविवार शाम दरिंदों ने विवाहिता के साथ सामूहिक दुराचार किया। बदहवास हालत में मायके पहुंची युवती ने आपबीती बहन व पिता को बताई तो सभी सन्न रह गए। दूसरे दिन पीड़िता शिकायत लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने डांटकर भगा दिया। एसपी ने एसओ को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के एक गांव में ब्याही युवती रविवार को मायके जा रही थी। पीछा करते हुए गांव के दो युवक सुनसान जगह देख उसे दबोच कर अरहर के खेत में उठा ले गए। इसके बाद उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। हवस मिटाने के बाद दरिंदे कहीं भी शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। दरिंदों के चंगुल से छूटी विवाहिता मायके पहुंची और पड़ोसी युवकों की करतूत परिजनों को बताई। आरोप है कि दूसरे दिन वह पिता के साथ शिकायत लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने डांटकर भगा दिया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलते देख पीड़िता बृहस्पतिवार को मंझनपुर पहुुंची और घटना की नामजद शिकायत एसपी से की। पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता को न्याय का भरोसा दिलाते हुए एसओ सरायअकिल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
--------------------
पड़ोसी युवक के प्रेम जाल में फंसी किशोरी
मंझनपुर (ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को पड़ोसी युवक ने बहकाकर प्रेमजाल में फंसा लिया। शादी का झांसा देकर युवक उसे भगा ले गया। रविवार शाम को किशोरी खेत जाने के बहाने घर से निकली थी। खोजबीन के बाद कहीं पता नहीं चला तो बुधवार को पीड़ित पिता थाने पहुंचा। भुक्तभोगी पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
--------------------------