चायल। नेवादा गांव स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के सेल्समैन से सोमवार रात बेखौफ बदमाशों ने तमंचे के दम पर 40 हजार रुपया लूट लिए। पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है। फिलहाल प्राथमिकी भी नहीं दर्ज की गई है।
फतेहपुर जिले के धाता निवासी राजेश सिंह की नेवादा में अंग्रेजी शराब की दुकान है। इसमें नेवादा गांव का ही आशीष सेल्समैन है। आशीष की मानें तो सोमवार रात दुकान बंद करते वक्त दो बाइक से तीन युवक आए। पहले उन्होंने शराब मांगी। इसके बाद एक ने अचानक कनपटी पर तमंचा सटा दिया। फिर जेब में रहा 40 हजार रुपया लूट लिया और सेल्समैन को दुकान के भीतर कर शटर बंद करके फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद सेल्समैन ने शोर मचाया तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी करके बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। पर कामयाबी नहीं मिली। मामले में सरायअकिल इंस्पेक्टर प्रदीप राय का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।