दरिंदगी के बाद तीन लाख में कर दिया महिला का सौदा
हैदराबाद में कोठे पर रखकर कराया जाता था देह व्यापार
पीड़िता ने पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
करारी। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र की एक महिला का महीनों तक रेप के बाद दरिंदे ने तीन लाख रुपये में सौदा कर दिया। हैदराबाद से दो दिन पहले पीड़िता किसी तरह भागकर अपने घर आई। उसने पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
कौशाम्बी इलाके की एक महिला ने बताया कि उसका विवाह करीब पांच साल पहले फतेहपुर में हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ही पति सऊदी अरब चला गया। ऐसे में महिला मायके में रहने लगी। पीड़िता की मानें तो लगभग दो साल पहले पड़ोस की एक विवाहिता ने दूसरी शादी कराने का झांसा देकर उसे करारी इलाके में रहने वाले अपने भाई के साथ हैदराबाद भेज दिया। हैदराबाद ले जाने के बाद युवक ने महिला का शारीरिक शोषण किया। शादी का दबाव बनाने पर वह भी सऊदी अरब चला गया। नतीजतन पीड़ित महिला फिर से मायके आ गई। बताया कि दो महीने पहले सऊदी से आने के बाद आरोपी युवक उसे फिर हैदराबाद ले गया और वहीं तीन लाख रुपये में बेच दिया। पीड़िता का कहना है कि उसे एक कोठे पर रखा गया था। जबर्दस्ती देह व्यापार कराया जाता था। विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई की जाती थी। दो दिन पहले महिला किसी तरह दरिंदों के चंगुल से छूटकर घर भाग आई। उसने करारी पुलिस को पांच आरोपियों के खिलाफ तहरीर दिया। मामले में करारी एसओ राजेश सिंह का कहना है कि घटना कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र की है। वहीं की पुलिस कार्रवाई करेगी। वहीं, कौशाम्बी इंस्पेक्टर स्वामीनाथ का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिली तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
-----