अवर अभियंता से अभद्रता, लाइनमैन को पीटा
करारी में कनेक्शन काटने पहुंची विद्युत टीम से भिड़ा बकाएदार
जेई की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
करारी कस्बे में बकाएदारों का कनेक्शन काटने गए विद्युत विभाग के जेई से गुरुवार दोपहर एक बकाएदार ने अभद्रता की। आरोप है कि लाइनमैन को उसने पीट भी दिया। जेई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विद्युत उपकेन्द्र करारी के अवर अभियंता विनम्र पटेल गुरुवार दोपहर अपनी टीम के साथ कस्बे में बकाएदारों का कनेक्शन काटने गए थे। अशोक नगर मोहल्ला निवासी इस्लामुद्दीन पुत्र अमीर बक्स का 33 हजार रुपया बकाया था। इस पर जेई ने उसके घर का कनेक्शन काट दिया। आरोप है कि इससे भन्नाए इस्लामुद्दीन ने जेई से अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर लाइनमैन राधेश्याम को पीट दिया। इस दौरान शोर शराबा सुन आसपास रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए। टीम के सदस्यों व कस्बाइयों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद अवर अभियंता ने थाने जाकर पुलिस को आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायती पत्र दिया। मामले में करारी एसओ राकेश तिवारी का कहना है कि अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
लखनऊ के बाद नहीें मिली जिपं सदस्य की लोकेशन
मंझनपुर (ब्यूरो)। दरोगा से मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे जिला पंचायत सदस्य साजन मौर्य की पुलिस के पास अब कोई लोकेशन नहीं है। लखनऊ में लोकेशन मिलने के बाद से उसका मोबाइल लगातार बंद है। ऐसे में गिरफ्तारी करने में पुलिस को पसीना आने लगा है।
भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य साजन मौर्य पर रविवार को टेवां पुलिस चौकी में घुसकर दरोगा से मारपीट करने का आरोप लगा था। मामले में दरोगा रामजीत गौड़ की तहरीर पर तीन नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुख्य अभियुक्त जिपं सदस्य अब तक पुलिस की पकड़ से दूर है। सोमवार और मंगलवार को उसकी लोकेशन लखनऊ में मिली थी। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के लिए टीम भी रवाना हो गई। पर, सदस्य पकड़ा नहीं जा सका। अब आरोपी सदस्य का मोबाइल भी बंद हो गया है। ऐसे में गिरफ्तारी के लिए पुलिस परिवार पर ही दबाव बना रही है। उधर, अज्ञात अभियुक्तों की पहचान के लिए उन्हें पकड़ने में भी पुलिस जोर लगाए हुए है।