किशोर के अपहरण का दो महीने बाद केस दर्ज
महेवाघाट (ब्यूरो)। क्षेत्र के बैरागीपुर गांव की माया देवी ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसका बेटा छोटू रिश्तेदारी में सिराथू गया था। लौटते वक्त नगर कोतवाली इलाके के खोजवापुर निवासी रिश्तेदार सोहन पुत्र बिहारी के घर पर रुक गया। आरोप है कि सोहन ने अपने बेटों के साथ मिलकर छोटू का अपहरण कर लिया। इसके बाद से अभी तक छोटू का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है। उसकी मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सोहन, उसके बेटे दीवा व रिंकू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में महेवाघाट इंस्पेक्टर अजीत कुमार पांडेय का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों की फटकार पर किशोरी ने लगाई फांसी
मंझनपुर (ब्यूरो)। नगर कोतवाली इलाके की एक लड़की हाईस्कूल की छात्रा है। बताया जाता है कि पड़ोसी युवक से उसका प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी जानकारी होते ही परिजनों ने दोनों के मिलने-जुलने पर पहरा लगाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों में चर्चा है कि सोमवार रात किशोरी मोबाइल पर प्रेमी से बात कर रही थी। रंगेहाथ पकड़े जाने पर परिवार वालों ने उसे फटकार दिया। इसी के बाद तैश में आकर किशोरी ने कमरे में जाकर खुद को आग के हवाले कर लिया। चीखें सुन मौके पर पहुंचे परिजन किशोरी को आग की लपटों से घिरा देख सन्न रह गए। आननफानन आग बुझाने के बाद किशोरी को मुख्यालय के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। स्थानीय पुलिस ऐसी किसी घटना की जानकारी से इनकार कर रही है।