मंझनपुर। कप्तान साहब! कुछ भी हो जाए, मर जाऊंगी, लेकिन मैं ससुराल नहीं जाऊंगी। यह कहना है भरवारी कस्बे की नेहा का। उसने अपने माता-पिता व परिवार के अन्य सदस्यों पर जबरन शादी करने का आरोप लगाया है। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत करके शादी रुकवाने और परिजनों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की है।
भरवारी कस्बा निवासी नेहा ने बताया कि वह घरेलू महिला है, लेकिन रोजगार करके खुद के पैरों पर खड़ी होने में भी सक्षम है। नेहा के मुताबिक वह शादी नहीं करना चाहती है, लेकिन परिजन उसे शादी के बंधन में बांधने की जिद पर अड़े हुए हैं। बताया कि परिवार वालों ने मर्जी के बगैर उसकी शादी तय कर दी है। दस दिसंबर 2018 को बारात आनी है। इससे पहले दस अक्तूबर को परिवार वालों ने लड़के को घर बुलाया था। जबर्दस्ती नेहा को लड़के के सामने बुलाया गया। परिवार वालों के दबाव के चलते नेहा लड़के को अपने मन की बात नहीं बता सकी। वहीं लड़के ने भी मर्जी जाने बगैर शादी के लिए हां कर दी। इसके बाद से नेहा काफी परेशान है। दो दिन पहले उसने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत करके शादी रुकवाने तथा परिवारीजनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि उन्हें अभी इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। आईजीआरएस पर शिकायत हुई है कि इसकी जांच कराई जाएगी। यथासंभव कार्रवाई भी होगी। (काल्पनिक नाम )