कोतवाली के मलकिया मोड़ के समीप शनिवार रात बदमाशों ने चाचा-भतीजे को लूट लिया। दोनों बाजार से घर लौट रहे थे। सरेराह वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। रविवार की सुबह भुक्तभोगी ने पड़ोसी गांव के तीन युवकों को नामजद करते हुए घटना की तहरीर पुलिस को दी। पीड़ित से तहरीर लेकर पुलिस घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के रघवापुर गांव का सोमेश कुमार पुत्र अश्वनी कुमार शनिवार को चाचा विनय के साथ सौंरई बाजार गया था। रात करीब नौ बजे दोनों लोग साइकिल से घर लौट रहे थे। मलकिया मोड़ के समीप पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने रोकते हुए तमंचा सटा दिया और तीन हजार नगदी के साथ गले से सोने की जंजीर लूट ली। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाचा-भतीजे को पीटते दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कहीं भी शिकायत पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। देर रात घर लौटे पीड़ितों ने घटना की जानकारी परिजनों को बताई। रविवार सुबह सोमेश ने मामले की नामजद शिकायत मंझनपुर कोतवाली पुलिस से की। पीड़ितों से तहरीर लेकर पुलिस घटना की तहकीकात और नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
तमंचा सटाकर चाचा-भतीजे को लूटा
शनिवार रात मलकिया मोड़ के समीप हुई घटना, जांच में जुटी पुलिस