चार मौतों के बाद अफसरों ने जाना जिले में होती है ओवरलोडिंग
बालू और गिट्टी के ओवरलोड वाहनों से खराब हो रहीं सड़कें
डीएम के निर्देश पर जागे अफसर, दर्जन भर ओवरलोड वाहन धराए
अमर उजाला ब्यूरो
प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भले ही जिले की सड़कों को लेकर फिक्रमंद हो, लेकिन यहां के अफसर चंद पैसों के खातिर सड़कों का दिवाला निकाल रहे हैं। बुधवार को ओवरलोड डंपर की चपेट में आकर जागे प्रशासन ने रात भर छापेमारी की। करारी, मंझनपुर कोतवाली में करीब एक दर्जन ओवरलोड ट्रक पकड़े गए हैं।
जिले में बालू और चित्रकूट से गिट्टी निकालकर आने वाले ट्रक ओवरलोड चलते हैं। बालू या गिट्टी लोगों को न दिखे, इसे लेकर ट्रक में तिरपाल डाला जाता है। नतीजतन जिले की ज्यादातर सड़के समय के पहले दम तोड़ देती है। बुधवार को करारी के सादिकपुर सेमरहा बुधवार को जिस डंपर की चपेट में आकर एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हुई वह भी ओवरलोड था। घटना से नाराज लोगों ने चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे सांसद विनोद सोनकर ने भी ओवरलोड डंपर देख नाराजगी जाहिर की। इसे लेकर प्रशानिक गलियारे में हड़कंप मच गया। एआरटीओ और एसडीएम बालू घाटों पर छापेमारी करते रहे। जहां भी ओवरलोड ट्रकें दिखी, उन्हें सीज किया गया है।
----
सड़क पर अभियान, ओसा में ओवरलोड वाहन
मंझनपुर (ब्यूरो)। गुरुवार से यातायात माह नवंबर शुरू हो गया है। इसे लेकर मुख्यालय के चौराहे पर अफसरों की फौज अभियान के शुरुआत में लगी थी। इसी चौराहे से महज दो किलोमीटर दूरी पर ट्रक और ट्रैक्टर पर ओवरलोड बालू लादकर वाहन चालक ढाबा के बाहर खड़े। पुलिस कर्मियों का भी ओसा की तरफ आना-जाना था लेकिन किसी ने ओवरलोड वाहनों के चालकों से पूछताछ भी नहीं की।
----
सैंबसा से गुआरा तक वजूद खो चुकी सड़क
मंझनपुर। करारी-भरवारी मार्ग पर ओवरलोड वाहन बेखौफ होकर गुजरते हैं। पिछले तीन महीने के दौरान आधा दर्जन के करीब बालू के ओवरलोड ट्रक सड़क पर धंस चुके हैं। 30 अक्तूबर को भी सैंबसा में एक ओवरलोड ट्रक बीच सड़क में धंस गया था। अमर उजाला ने इस बाबत 31 अक्तूबर के अंक में फोटो सहित सैंबसा में बीच सड़क धंसा बालू का ओवरलोड ट्रक, शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
फोटो 06, 07