पट्टीदारों में खूनी संघर्ष, आठ जख्मी
करारी के बैशकांटी गांव में गुरुवार सुबह हुई मारपीट
दोनों पक्षों की तहरीर लेकर जांच में जुटी पुलिस
फोटो नं-3,4,5
अमर उजाला ब्यूरो
करारी।
इलाके के बैशकांटी गांव में गुरुवार सुबह मामूली बात पर पट्टीदारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में आठ लोगों को चोटें आई हैं। दोनों पक्षों की तहरीर लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करारी के बैशकांटी गांव निवासी रामचंद्र की बेटी मोनिका तीन दिन पहले खेत गई थी। वहां चाचा लालते के बेटे मोनू ने उसको गाली दे दी। घर आकर मोनिका ने इसकी जानकारी परिजनों को दी तो वह आगबबूला हो गए। पिता रामचंद्र ने आरोपी मोनू के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी। इसी के बाद से दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी। गुरुवार सुबह कहासुनी के साथ लाठी-डंडे निकल आए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को जमकर पीटा। मारपीट में रामचंद्र, उसकी पत्नी कुसुम, बेटी मोनिका, प्रियंका व बेटे नीरज को चोटें आई हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से लालते उसकी पत्नी गणेशी और बेटा मोनू घायल हैं। झगड़े के दौरान चीख-पुकार सुन मौके पर पहुंचे लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों ने थाने जाकर पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया है। मामले में करारी एसओ राकेश तिवारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
इनामी हत्यारोपी केशपाल गिरफ्तार
करारी के भइला गांव में दो साल पहले राजकुमार का किया था खून
फोटो नं-16
करारी(ब्यूरो)। हत्या के मामले में फरार चल रहे भइला गांव के इनामी केशपाल को बुधवार रात करारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसका चालान कर दिया गया है।
करारी इलाके के भइला निवासी राजकुमार की 16 अगस्त 2016 को हत्या कर दी गई थी। मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। तीन अभियुक्तों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आखिरी आरोपी केशपाल पुत्र भुल्लू पासी फरार चल रहा था। एसपी प्रदीप गुप्ता ने उसके ऊपर 15 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था। पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी। इसी बीच बुधवार रात करारी एसओ राकेश तिवारी को सूचना मिली कि केशपाल सालेपुर गांव के समीप खड़ा है। खबर मिलते ही उन्होंने घेराबंदी करके उसे धर दबोचा। एसओ ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक तमंचा भी बरामद किया गया है।