डंपर की टक्कर से पलटा विक्रम, महिलाओं समेत दस जख्मी
सवारियां बिठाकर सिराथू जाते वक्त सेलरहा के पास हुआ हादसा
इलाज के लिए सभी को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
नगर कोतवाली के सेलरहा पूरब गांव के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से सवारियों से भरा विक्रम अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में महिलाओं, बच्चों समेत दस लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए इमरजेंसी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मंझनपुर चौराहे से एक विक्रम बुधवार दोपहर सवारियां बिठाकर सिराथू जा रहा था। सेलरहा पूरब गांव के समीप पहुंचते ही बालू लादकर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दिया। जोरदार टक्कर लगते ही विक्रम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में विक्रम सवार लक्ष्मीपुर निवासी लल्लू की बेटी लक्ष्मी देवी, वीरेंद्र की बेटी सुमन, राधना और राधिका, अचाकापुर गांव में रहने वाले ननका पुत्र संतोष कुमार, मूरतगंज निवासी भैयालाल की पत्नी कौशल्या देवी, बेटी फूलमती, कोखराज के रामपुर सुहेला गांव निवासी अमरनाथ, अजुहा कस्बे की जानकी देवी पत्नी सूरजपाल तथा आशादेवी पत्नी रामसिंह समेत सभी दस लोग दब गए। घटनास्थल पर मची चीखपुकार सुन स्थानीय लोग दौड़ पड़े। आननफानन में सभी घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। बेकाबू डंपर ने विक्रम के बाद एक कार को भी टक्कर मारा। कार पर कानपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद पुत्र सुखदेव पत्नी-बच्चों के साथ बैठे थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी को कोई चोट नहीं लगी।
गिट्टी लदा ट्रक पलटा, ड्राइवर घायल
पइंसा (ब्यूरो)। मैहर से गिट्टी लादकर नेपाल जा रहा तेज रफ्तार ट्रक मंगलवार रात पइंसा इलाके के उदिहिन खुर्द के पास पलट गया। हादसे में मध्यप्रदेश निवासी ट्रक ड्राइवर सुरेश मामूली रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे नजदीकी निजी क्लीनिक पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे छुट्टी दे दी।