दबंगों ने युवक को पीटकर किया लहूलुहान
पुरानी रंजिश में कहासुनी के बाद हुई मारपीट, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज इमामगंज बाजार में बृहस्पतिवार की सुबह दबंगों ने युवक को बेरहमी से पीटते हुए लहूलुहान कर दिया। दो दिन पहले मामूली बात को लेकर तीखी झड़प हुई थी। पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
कोखराज थाना क्षेत्र के हर्रायपुर गांव निवासी लालजी की इमामगंज चौराहे पर मार्केट है। बृहस्पतिवार की सुबह मार्केट गया था। बताया जा रहा है कि रंजिश में खुन्नस खाए पड़ोसी साथियों के साथ पहुंचा और भिड़ गया। तीखी झड़प के बाद हमलावरों ने लालजी को बेरहमी से पीटते हुए लहूलुहान कर दिया। मारपीट देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर घटना स्थल पहुंची पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस आधा दर्जन हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। दबंगों की पिटाई के बाद से पीड़ित परिवार सहमा हुआ है।