ट्रैक्टर ने मासूम बच्ची को कुचला, मौत
बुधवार की शाम बक्सीपार गांव में हुई घटना, परिजनों में कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोतवाली के बक्सीपार गांव बुधवार की शाम ट्रैक्टर ट्राली ने तीन वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। धटना के बाद चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मंझनपुर कोतवाली के बक्सीपार गांव निवासी राकेश कुमार किसान है। बुधवार की शाम उसकी तीन वर्षीय बेटी शर्मिला घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान घर के समीप से निकली ट्रैक्टर ट्राली ने बच्ची को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। चालक गाड़ी छोडकर मौके से भाग निकला। हादसा देख घर-परिवार के साथ गांव के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक मासूम के पिता की तहरीर पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मार्ग दुर्घटना में घायल अधेड़ की थमी सांसें
मंझनपुर(ब्यूरो)। सरायअकिल के पुरखास गांव निवासी बेनी प्रसाद (50) मंगलवार की शाम बाइक की टक्कर से लगने से घायल हो गया था। जिसका इलाज इलाहाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। बुधवार की सुबह अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधेड़ की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
दिल का दौरा पड़ने से रेल कर्मी की मौत
मंझनपुर(ब्यूरो)। कोखराज के चमंधा गांव निवासी चंद्रिका वर्मा (59) रेलवे विभाग में गैंगमैन था। इन दिनों उसकी तैनाती फतेहपुर जिले में थी। 31 अक्टूबर को रिटायर्ड भी होना था। बुधवार की रात अचानक फतेहपुर में उसकी हालत बिगड़ गई। जहां देर रात ह्दयगति रूकने से रेल कर्मी की मौत हो गई। कर्मी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।