घर के भीतर आग का गोला बनी विवाहिता, मौत
पति की फटकार के आत्मघाती कदम उठाए जाने की चर्चा, कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
सरायअकिल (कौशाम्बी)। सरायअकिल के बसुहार गांव में एक विवाहिता ने खुद को आग लगाकर जान दे दी। परिजनों का कहना है कि पति से झगड़ने के बाद विवाहिता ने आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इलाहाबाद के हंडिया गांव की शिवानी देवी (25) की शादी तीन साल पहले सरायअकिल के बसुहार गांव में संजय चौरसिया के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि युवती की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। मंगलवार की रात मामूली बात को लेकर संजय ने शिवानी को फटकार लगा दिया। पति की डांट के बाद युवती ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क आग लगा लिया। घर के भीतर आग का गोला बनी युवती की चीख सुन परिवार के लोग उसे बचाते हुए एसआरएन अस्पताल ले गए। जहां देर रात युवती की इलाज के दौरान सांसें थम गई। बताया जा रहा है कि मजिस्ट्रेट के सामने युवती ने खुद आग लगाकर जान देने का प्रयास करने की बात स्वीकार की है। अस्पताल पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। मामले में सरायअकिल एसओ ने बताया कि युवती के मायके वालों ने किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।