महिला के खाते से गायब हुआ 50 हजार
-पासबुक फिडिंग कराने पर पता चला, बैंक कर्मियों के खिलाफ दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सैनी कोतवाली के इस्माइलपुर की एक महिला ने देवीगंज एसबीआई में खाता खुलवा रखा था। महिला के खाते में 50 हजार रुपया जमा था। महिला ने पासबुक में फिडिंग कराई तो पता चला कि उसके खाते में रुपया ही नहीं है। इससे नाराज महिला ने बैंक कर्मियों के पुलिस को तहरीर दी है।
इस्माइलपुर मजरा कमालपुर की गायत्री देवी पत्नी ननका पाल ने एसबीआई की शाखा देवीगंज में साल भर पहले खाता खुलवाया था। गायत्री देवी का पति दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। ननका ने रुपया भेजा तो गायत्री ने उसको खाते में जमा कर दिया। इसी बीच उसकी पासबुक में लेनदेन का डिटेल फीड नहीं किया गया था। मंगलवार को महिला बैंक गई और अपनी पासबुक की फिडिंग कराई तो पता चला कि उसके खाते से 50 हजार रुपया तीन किस्तों में निकाला जा चुका है। इसको लेकर महिला ने हंगामा किया। आरोप है कि शिकायत करने पर बैंक मैनेजर ने डांट कर भगा दिया। महिला ने बैंक कर्मियों के खिलाफ सैनी कोतवाली के देवीगंज चौकी पुलिस को तहरीर दी है। मामले में बैंक मैनेजर प्रमोद कुमार का कहना है कि महिला झूठा आरोप लगा रही है। जांच के दौरान सच्चाई सामने आ जाएगी।
000
नवरात्र, मोहर्रम में बनाए सौहार्द
गोराजू। पश्चिमशरीरा थाने में बुधवार को पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में एसओ राकेश सरोज ने लोगों से कहा कि नवरात्रि पर्व व मोहर्रम को लोग शांतिपूर्वक मनाए। आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस का पूरा सहयोग करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। अराजकतत्वों की सूचना दे, पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। इस मौके पर दरोगा मियां, नीलू खान, सदाकत खान, दीपू श्रीवास्तव, महेंद्र द्विवेदी, राजू प्रधान, सुशील प्रधान आदि लोग रहे।
प्रधानाचार्य गायब, छात्राओं का हंगामा
- निलंबित होने पर प्रिंसिपल ताला बंद कर गायब
अमर उजाला ब्यूरो
भरवारी। कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कालेज भरवारी में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। मैनेजर व प्रबंधतंत्र के सदस्य पहुंचे तो गेट पर ताला बंद मिला। हालांकि अंदर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही आरोप लगाया कि निलंबित होने पर प्रिंसिपल ताला बंद कर गायब हो गई है।
कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कालेज का विवाद एक बार फिर गहराने लगा है। मैनेजर राजेंद्र खुराना का आरोप है कि उनको निलंबित कर दिया गया है। बुधवार को वह रेखा सिंह को चार्ज देने के लिए आए थे तो पता चला कि गेट पर ताला बंद है लेकिन अंदर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मौजूद थे। वह भी बाहर नहीं निकल पा रहा था। इस पर मैनेजर ने नाराजगी जताई। साथ ही कोखराज थाने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस आई, लेकिन ताला नहीं तोड़ा जा सका। अधिकारियों को सूचना देने के बाद मैनेजर राजेंद्र खुराना ने सदस्य घनश्याम दास रस्तोगी, सोहनलाल केशरवानी आदि के साथ बैठक की और प्रस्ताव रखा कि कल अधिकारियों की मौजूदगी में कॉलेज का ताला तोड़ा जाएगा। वहीं प्रधानाचार्य नीलम का कहना है कि उनको निलंबित नहीं किया गया है। मैनेजर मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। बुधवार को स्कूल बंद था। ऐसे में उन्हें वहां जाना नहीं चाहिए था।